नंदिनी नगर में तीन दिवसीय सीनियर कुश्ती चैम्पियनशिप का शुभारंभ, देश भर के पहलवान दिखायेंगे दमखम
सम्बंधित लोकप्रिय ख़बरें
गोंडा। नवाबगंज के नंदिनी नगर महाविद्यालय में बृहस्पतिवार को 66 वीं पुरुष व 24 वीं महिला सीनियर कुश्ती चैंपियनशिप का भव्य आगाज हुआ। प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री डा महेंद्र सिंह ने फ्लैग होस्ट कर इस प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। तीन दिनों तक चलने वाली इस चैंपियनशिप में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहरा चुके स्टार पहलवानों के साथ देश भर के नामी गिरामी पहलवान अपना दमखम दिखायेंगे।
जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र स्थित नंदिनी नगर महाविद्यालय में बने स्टेडियम में इस सीनियर कुश्ती चैम्पियनशिप में देश के 26 राज्यों समेत सेना व रेलवे की कुल 29 टीमों के 12 सौ खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इन खिलाड़ियों में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतकर अपने देश का नाम रोशन करने वाले बजरंग पुलिया,रविकुमार दहिया,गीता फोगाट,साक्षी मलिक व निशा दहिया जैसे बड़े नाम शामिल हैं। बृहस्पतिवार को प्रदेश के जलशक्ति मंत्री डा महेंद्र सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर इस चैंपियनशिप का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए जलशक्ति मंत्री ने कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री मोदी के खेलो इंडिया जीतो इंडिया के मंत्र को साकार कर रहा है और भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन से पूरी दुनिया में भारत का परचम लहरा रहा है। डा महेंद्र सिंह ने कहा कि इस चैंपियनशिप में देश भर के 1200 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं और गोंडा में इतना बड़ा आयोजन उत्तर प्रदेश व गोंडा के लिए गौरव की बात है। जलशक्ति मंत्री ने कहा कि देश और प्रदेश की सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए खिलाड़ियों को पर्याप्त संसाधन मुहैया करा रही है। जहां गोंडा में इतना बड़ा आयोजन हो रहा है वहीं टोक्यो में शामिल खिलाड़ियों को सीएम योगी सम्मानित कर रहे हैं। डा महेंद्र सिंह ने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संदेश सुनाया और उन्हें शुभकामना दी। इस मौके पर तरबगंज विधायक प्रेमनरायण पांडेय,कटरा विधायक बावन सिंह,सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह, प्रदेश कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष करण भूषण सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।
उमानाथ तिवारी
संवाददाता
और न्यूज़ पढ़ें
0 Comments